राजपुर के सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, मंत्री ने कहा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा योजनाओं का लाभ
डीएम ने समस्याओं के निपटारे का दिया भरोसा, पुस्तकालय को लेकर छात्राओं की सुरक्षा की समस्या पर मंत्री गंभीर


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड की खीरी पंचायत स्थित उच्च विद्यालय परिसर में भव्य ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं मुखिया इंद्रावती देवी ने की, जबकि मंच संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ कुमार द्वारा किया गया. शिविर की शुरुआत में सभी आगत अतिथियों का फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया.

सरकार आपके द्वार सबका साथ, सबका विकास ही मूल मंत्र
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सह जिले के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है.सरकार गरीबों के हित के लिए उनके दरवाजे तक आई है.केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गाँवों के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं, जिसका नतीजा है कि आज ग्रामीण सड़कों का जाल बिछ रहा है.
उन्होंने कहा कि बीता वर्ष चुनौतियों से भरा रहा, फिर भी स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास हुआ है.समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है.
समय पर होगा आवेदनों का निपटारा : डीएम
शिविर में विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहाँ दोपहर तक लगभग 63 आवेदन प्राप्त हुए. इस दौरान आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों को स्वीकृति पत्र व लाभ प्रदान किए गए.जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन जनता के विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है. शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों और जन-समस्याओं का निवारण निश्चित तौर पर 30 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा.वहीं, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा देते हुए कहा कि पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है.
पौधारोपण कर दिया ‘जल-जीवन-हरियाली’ का संदेश
बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, डीएम साहिला, एसपी शुभम आर्य और मुखिया इंद्रावती देवी ने संयुक्त रूप से विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया. अतिथियों ने ग्रामीणों से अपील किया कि वे अपने आस-पास पौधे लगाकर धरती को बचाने में अपना योगदान दें.
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुस्तकालय को दूसरी जगह शिफ्ट करने का आश्वासन
अतिथियों ने विद्यालय परिसर में स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया.इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र ज्वाला, भाजपा नेता धनंजय त्रिगुण, मुखिया पति वीरेंद्र गुप्ता और सरपंच योगेंद्र चौहान ने एक गंभीर समस्या की ओर मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया.
उन्होंने बताया कि स्कूल अवधि के दौरान पुस्तकालय में बाहरी और गैर-नामांकित छात्रों के आने-जाने से छात्राओं के बीच भय का माहौल बना रहता है.प्रभारी मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और जल्द ही इस पुस्तकालय को किसी अन्य भवन में स्थानांतरित किया जाएगा.

अन्य जगहों पर भी लगे शिविर
नागपुर में अम्बेडकर परिसर में श्रम अधीक्षक संजय कुमार और मुखिया शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में शिविर लगा. जहाँ राजस्व अधिकारी रूपा कुमारी, बीएओ ऋषिकेश यादव, एसआई अनिशा भारती, बीएचओ मुन्ना सिंह और श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुधांशु कुमार मौजूद रहे.बारूपुर में भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) शशिभूषण ने राशन कार्ड के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए.इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक अरविंद कुमार सिंह, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, अंचलाधिकारी डॉ. शोभा कुमारी सहित सभी विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.






