कन्या प्राथमिक विद्यालय धनसोई में मना खास शिक्षक दिवस, कृषक मित्र से खेती की तकनीक से अवगत हुए बच्चे


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के धनसोई में जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘ज्ञानार्जन अभियान’ के तहत शिक्षक दिवस के अवसर पर कन्या प्राथमिक विद्यालय, धनसोई के प्रांगण में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया.विद्यालय के प्रधान शिक्षक देवेंद्र कुमार पाल के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ स्थानीय व्यावसायिक अनुभवों व व्यावहारिक जानकारी से जोड़ना था.
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिष्ठित कृषक मित्र ललन सिंह उपस्थित रहे.इन्होंने पर्यावरण और गुरुजनों के प्रति सम्मान को जोड़ते हुए बच्चों से एक अनूठी अपील की.उन्होंने अपने शिक्षकों के प्रति सच्चा सम्मान प्रकट करने के लिए इस शिक्षक दिवस पर प्रत्येक बच्चा एक-एक पौधा अवश्य रोपे और उसकी उचित देखभाल का संकल्प ले.
बच्चों ने सीखे आधुनिक कृषि व जैविक खेती के गुर
ज्ञानार्जन सत्र के दौरान ललन सिंह ने अपने व्यावहारिक और व्यावसायिक अनुभवों को बच्चों के साथ साझा किया. उन्होंने बेहद सरल और व्यावहारिक भाषा में बच्चों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी.जल संरक्षण और सिंचाई के उन्नत तौर-तरीकों पर प्रकाश डाला.
फसलों के कीट प्रबंधन की बारीकियाँ सिखाईं.अपने बीच कृषि विशेषज्ञ को पाकर और खेती-किसानी की नई तकनीकें जानकर बच्चे काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए. स्थानीय अनुभवों से जोड़ने वाला यह अभियान बच्चों के सर्वांगीण विकास में एक सराहनीय कदम साबित हो रहा है.इस अवसर पर शिक्षक ताराचंद, शिक्षिका कुमारी अर्चना, सविता कुमारी, सुमन बाला सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.







