राजपुर के विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, बेहतर प्रदर्शन के लिए मो. जावेद खान सम्मानित


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र के रघुवंशी कुंवरी प्लस टू विद्यालय एवं उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.रघुवंशी कुंवरी प्लस टू विद्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर किया गया. इस दौरान समाज के विकास में शिक्षा का महत्व विषय पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई.
जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य ब्रजेश राय और संचालन श्यामनारायण ठाकुर ने किया. वक्ताओं ने कहा कि हर व्यक्ति के अंदर छिपी प्रतिभा को उजागर करने में शिक्षा की मुख्य भूमिका होती है. डॉ. राधाकृष्णन एक महान शिक्षक और दार्शनिक थे, जिन्होंने हमेशा बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में फैली बुराइयों को खत्म किया जा सकता है.
दूसरी ओर, उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में प्रधानाध्यापक धनंजय मिश्रा व शिक्षकों ने केक काटकर डॉ. राधाकृष्णन को याद किया.उन्होंने कहा कि एक बेहतर शिक्षक ही देश के निर्माण और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है. देश की सभ्यता और संस्कृति के विकास में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है.इस अवसर पर विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक मो. जावेद खान को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित ‘बैगलेस डे’ के तहत प्रगतिशील किसान बंशनारायण सिंह ने बच्चों को कृषि के आधुनिक तौर-तरीकों की जानकारी दी. उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अब पारंपरिक खेती का समय पीछे छूट चुका है, आधुनिक और उन्नत खेती के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है.







