चौसा में बोरिंग के नंगे तार की चपेट में आने से दो मासूम की दर्दनाक मौत, सड़क जाम


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. रेलवे लाइन के पास एक खेत में लगे निजी बोरिंग के चालू धारा प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई.घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है.मृतक बच्चों की पहचान खिलाफतपुर गांव निवासी रामाशंकर मुसहर और दिमांगी मुसहर के बेटों के रूप में की गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे रेलवे ट्रैक के किनारे डंप किए गए कोयले की तरफ जा रहे थे. वहां तैनात प्लांट के सुरक्षा गार्डों ने कोयला चोरी की आशंका में बच्चों को डांटकर खदेड़ दिया.गार्डों के डर से भागने के दौरान दोनों बच्चे पास के एक खेत में चले गए. जहाँ निजी बोरिंग के लिए नंगा तार बिछा हुआ था.बच्चे इस हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई.घटना से आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शवों को उठाया और मुफ्फसिल थाने पहुंच गए.
उचित मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शवों को यादव मोड़ तिराहे पर रख दिया और चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण घंटों तक वाहनों का आवागमन ठप रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी और मुफ्फसिल थाने के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित प्रदर्शनकारियों को काफी समझाया-बुझाया.
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को उचित सरकारी मुआवजा दिलाने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया.पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.






