बक्सर में नहरों से सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एक्शन में डीएम , दिए कड़े निर्देश

11 जून 2026
नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले में किसानों को खेती के लिए पानी की कोई किल्लत न हो, इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है.डीएम श्रीमती साहिला द्वारा फसलों की सिंचाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोन नहर प्रमंडल के अंतर्गत विभिन्न नहर शाखाओं का औचक स्थल निरीक्षण किया गया.बक्सर के 11 नंबर लख से लेकर बक्सर सीमा के सिकरौल तक नहर की स्थिति को देखा.राहत की बात यह रही कि वर्तमान में नहर में पर्याप्त जलापूर्ति हो रही है.
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि आगामी दिनों में भू-जल स्तर में गिरावट आती है, तो नहरों से सिंचाई के लिए अतिरिक्त और पर्याप्त जलापूर्ति की जरूरत होगी.इसके लिए विभाग को तत्काल एक ठोस कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया गया है. निरीक्षण के दौरान नहर के कई हिस्सों पर अवैध अतिक्रमण पाया गया.इस पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का आदेश दिया.
नहरों को साफ-सुथरा रखने के लिए डीएम ने निर्देश दिया कि नहर में कचरा फेंकने पर पूरी तरह रोक लगाई जाए. साथ ही, जो कचरा पहले से जमा है, उसकी तुरंत सफाई कराई जाए.
सिकरौल स्थित ठोरा नदी के ऊपर बने नहर जलापूर्ति पुल से पानी के रिसाव का मामला सामने आया. डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि वे विभागीय उच्चाधिकारियों को सूचित करें और अभियंताओं की टीम के साथ मौके का मुआयना कर जल स्राव को रोकने के लिए अविलंब कदम उठाए.
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी डुमराँव, कार्यपालक अभियंता सोन नहर प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता गंगा पम्प नहर, बक्सर सहित अन्य संबंधित अधिकारी और इंजीनियर मौके पर उपस्थित रहे.इस कड़े रुख से उम्मीद है कि इस सीजन में बक्सर के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा.






