बक्सर में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, डुमरांव और राजपुर से 4 बाल श्रमिक मुक्त, नियोजकों पर दर्ज होगी एफआईआर


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग और जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले में बाल श्रम के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया गया. बुधवार को धावादल द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई में डुमरांव और राजपुर प्रखंड से कुल 04 बाल श्रमिकों को सकुशल मुक्त कराया गया है.
संयुक्त टीम ने मारा छापा
इस रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने वाले धावादल में कई प्रखंडों के श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी शामिल थे, जिनमें केसठ, चक्की, चौंगाई, राजपुर, चौसा एवं इटाढ़ी के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे. कार्रवाई को सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए धावादल के साथ डुमरांव एवं धनसोई थाने के पुलिस बल तथा ‘स्व० कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान’ के सदस्य भी पूरी मुस्तैदी के साथ शामिल थे.
बच्चों को भेजा गया बाल कल्याण समिति
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विमुक्ति के तुरंत बाद सभी चारों बाल श्रमिकों को सुरक्षित रूप से जिला बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द कर दिया गया है.
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
श्रम विभाग ने साफ कर दिया है कि बच्चों से मजदूरी कराने वाले दोषी मालिकों को बख्शा नहीं जाएगा.उनके खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है. इसके साथ ही, मुक्त कराए गए सभी बच्चों के पुनर्वासन की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू की जाएगी ताकि वे मुख्यधारा से जुड़ सकें. श्रम अधीक्षक ने कहा की बाल श्रम को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा इस तरह की छापेमारी और दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.






