जैविक खेती और आधुनिक तकनीक से बदलेगी किसानों की तकदीर : बीडीओ

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के खीरी पंचायत अंतर्गत कोनौली गांव स्थित कृषि फार्म हाउस पर एक अत्याधुनिक नर्सरी का भव्य शुभारंभ किया गया. इसका उद्घाटन जिला उद्यान पदाधिकारी किरण भारती एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से किया.अधिकारियों ने फार्म हाउस परिसर में पौधारोपण किया और वहां मौजूद ग्रामीणों व किसानों से पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की.

जिला उद्यान पदाधिकारी किरण भारती ने कहा कि बदलते समय के साथ जमीनों का बंटवारा होने से खेतों और जोत का आकार लगातार छोटा होता जा रहा है. ऐसे दौर में किसानों को पारंपरिक खेती से हटकर नई पद्धतियों को अपनाना होगा. किसान फल, फूल और सब्जी उत्पादन से जुड़कर कम जमीन में भी अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं. बीडीओ मनोज कुमार ने वहां लगाए गए विभिन्न फल, फूल और सब्जियों के पौधों की जांच-पड़ताल की. निरीक्षण के उपरांत उन्होंने कहा किसानों को रासायनिक उर्वरकों के बजाय जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए.
फार्म हाउस में उत्पादित होने वाले फल और सब्जियों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार की व्यवस्था कराई जाएगी ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके.किसान अंकित सिंह ने खेती-किसानी से जुड़ी अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिस पर अधिकारियों ने त्वरित और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया.इस अवसर पर किसान उमेश कुशवाहा, चंदन सिंह, उदय नारायण सिंह, जयप्रकाश सिंह,कृषि समन्वयक धनंजय राय, सत्येंद्र सिंह , अभिषेक कुमार, एटीएम प्रिया कुमारी के अलावा आसपास के गांवों से आए सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया.




