सड़क हादसे में बसपा नेता समेत तीन लोग घायल, सदर अस्पताल व सीएचसी में हुआ ईलाज


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के नगर थाना एवं राजपुर थाना क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता लालजी राम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसों के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया.पहली घटना
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम आईटीआई फील्ड के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार बसपा के प्रदेश महासचिव और पूर्व प्रत्याशी लालजी राम को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि 52 वर्षीय लालजी राम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई. हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
घटना के समय वहां से गुजर रहे पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज यादव ने मानवता दिखाते हुए तत्काल अपनी गाड़ी से घायल को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सक के अनुसार, घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस से फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है.
गड्ढे से बचने के दौरान अनियंत्रित होकर पलटी बाइक, दो घायल
दूसरी घटना राजपुर थाना क्षेत्र की है, जहां चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर इंडेन गैस एजेंसी के समीप एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में बन्नी गांव निवासी मो. ताज एवं सिताबपुर निवासी पशु पांडेय घायल हो गए.
घायलों के अनुसार, सड़क पर एक बड़ा गड्ढा बना हुआ है. राजपुर मुख्यालय आते समय गड्ढे से बचने के प्रयास में सामने से आई एक गाड़ी को देखकर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गड्ढे में जा गिरी. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ. ग्रामीणों ने शिकायत की है कि सड़क की जर्जर स्थिति और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.







