नावानगर में गश्ती पुलिस गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, एस आई समेत तीन गंभीर
नेशनल आवाज़ /बक्सर :- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जिले में आगमन से महज कुछ घंटे पहले बक्सर-विक्रमगंज मार्ग (NH-120) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मंगलवार की रात नावानगर थाना क्षेत्र के पचदरवा पुल के समीप अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस गश्ती वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए.इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात नावानगर थाना के एसआई संजीव कुमार सिंह, वाहन चालक ओमप्रकाश सिंह और गृह रक्षक बिहारी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.जानकारी के अनुसार, नावानगर थाना की पुलिस टीम रात को इलाके में सामान्य गश्त पर निकली थी.
जैसे ही गश्ती गाड़ी पचदरवा पुल के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने सीधे टक्कर मार दी. घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय पुलिस की मदद से तीनों गंभीर रूप से घायल जवानों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी बिक्रमगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
वरीय पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं. वहीं, फरार ट्रक और उसके चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सघन छापेमारी की जा रही है.






