धनसोई कॉलेज परिसर में 22 नवंबर को राष्ट्रीय लोक मोर्चा का होगा कार्यकर्ता सम्मेलन, पंचायतीराज मंत्री दीपक प्रकाश होंगे शामिल


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के धनसोई कॉलेज परिसर में आगामी 22 नवंबर को राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इस सम्मेलन में बिहार सरकार के पंचायतीराज मंत्री दीपक प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे.कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों को लेकर पार्टी की जिला और प्रखंड इकाइयों ने कमर कस ली है. इस सिलसिले में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष विंध्याचल सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में एक अहम बैठक संपन्न हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
राजपुर प्रखंड अध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने बताया कि मंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है. सम्मेलन को भव्य रूप देने के लिए सभी मोर्चों पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से हो सके.बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और सम्मेलन की सफलता को लेकर कई महत्वपूर्ण रणनीतियां बनाई गई.इस अवसर पर जिला प्रवक्ता रंजीत सिंह, जिला महासचिव सतेन्द्र सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश मौर्य, राजेश सिंह समेत पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.





