राजपुर प्रखंड में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ टूटा 36 घंटे का कठिन उपवास



नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही शांतिपूर्ण और हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. नदी, तालाबों और जलाशयों के तटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया.पारंपरिक लोकगीतों की गूंज के बीच व्रतियों ने 36 घंटे का कठिन उपवास उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद प्रसाद ग्रहण कर तोड़ा.
क्षेत्र के सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक सूर्य मंदिर देवढ़िया में राजपुर के अलावा उत्तर प्रदेश तथा बिहार के कैमूर, रोहतास एवं अन्य जिलों से आए छठ व्रतियों ने मन्नतें पूरी होने पर सूर्य उपासना की.इसके अलावा क्षेत्र के बारूपुर पोखरा, राजपुर पोखरा, संगरॉव नहर, खरगपुरा पोखरा, मंगरॉव नहर पुल, कजरिया, नागपुर धर्मावती नदी, ईंटवा नहर, खीरी धर्मावती नदी, मनोहरपुर डाकबंगला, उत्तमपुर पोखरा और रसेन प्राचीन शिव मंदिर पोखरा पर भव्य सजावट की गई थी.
जल स्रोतों का बढ़ा महत्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस बार ग्रामीण इलाकों में जल स्रोतों वाले तालाबों का विशेष महत्व देखने को मिला.जिन स्थानों पर लोग पहले नहीं जाते थे, वहां साफ-सफाई कर छठ घाट बनाए गए और उत्सवी माहौल में पूजा-अर्चना की गई.उत्तमपुर प्राचीन पोखरे पर प्राकृतिक श्रृंगार, हरे-भरे पेड़ों के बीच रंगीन लाइटों की सजावट ने इसे बेहद आकर्षक बना दिया था. नवयुवक छात्र संघ पूजा समिति के अध्यक्ष नंद जी पासवान, गोलू सिंह, सांई भक्त विकास सिंह, विसर्जन सिंह, शशि पासवान, कृष्णा पासवान, विष्णु पासवान व अन्य ग्रामीणों के सहयोग से विशेष व्यवस्था की गई थी.
ग्रामीणों का कहना था कि छठ पूजा से जल स्रोतों का वास्तविक महत्व समझ में आता है. यह पोखरा पूजा के साथ-साथ सैकड़ों एकड़ खेतों की सिंचाई कर किसानों के लिए जीवनदायिनी भी साबित होता है. प्रशासन द्वारा हेठुआ के ऐतिहासिक पोखरा को ‘आदर्श छठ घाट’ घोषित किया गया था. यहां गांव और आसपास से जुटे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ सूर्य उपासना की.इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य व गायक ब्रजेश सिंह, राकेश मौर्य, शिक्षक मंतोष खरवार, विकास कुशवाहा, तारकेश्वर खरवार, धर्मेंद्र सिंह, कंचन सिंह, दया सिंह, संजय खरवार, अजीत सिंह तथा विधि-व्यवस्था संभालने में मुखिया ललन रजक का सराहनीय योगदान रहा.



