राजपुर में विद्युत चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन लोगों पर हजारों का जुर्माना



नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है.कनीय विद्युत अभियंता अजीत गुप्ता ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी दल का गठन कर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया, जिसमें तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए लोगों को पकड़ा गया. दिये गए आवेदन के अनुसार जमौली नहर डेरा (पंचायत-देवढ़ीया) निवासी बलिराम चौहान पिता-भरत चौहान के कृषि परिसर में जांच की गई. इनके द्वारा बिना किसी विभागीय अनुमति के सरकारी चाट नहर के बगल से मोटर चलाकर अवैध रूप से पानी की निकासी की जा रही थी.
साथ ही, ट्रांसफार्मर से एलटी (LT) तार के माध्यम से बिजली चोरी पकड़ी गई.विभाग को इससे लगभग 10,000 रुपये की क्षति हुई है. दूसरा मामला लुगरा सुगरा (नहर पर पुल के पास) निवासी सरोज चौहान पिता-लालबाबू नोनिया के कृषि परिसर की जांच की गई.इनके द्वारा भी वैध कनेक्शन के इतर सरकारी चाट से मोटर चलाकर अवैध रूप से पानी की निकासी की जा रही थी और ट्रांसफार्मर से सीधे तार जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था. इससे विभाग को 10,000 रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है.
इन पर भी मामला दर्ज किया जा रहा है.तीसरा मामला जमौली नहर डेरा निवासी छबिला चौहान पिता-दुखन चौहान के कृषि परिसर में बिना किसी वैध विद्युत कनेक्शन के 2HP मोटर और 480 यूनिट बिजली का अवैध उपयोग करते हुए चाट से पानी की निकासी की जा रही थी. विभाग को इससे 13,292 रुपये की क्षति हुई है.इन पर धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई है.विद्युत विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के बिजली चोरों में हड़कंप मच गया है. कनीय अभियंता ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे.






