राजपुर के हरपुर गांव में बाबा साहब की प्रतिमा खंडित, ग्रामीणों में भारी आक्रोश, जाँच में जुटी पुलिस

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर गाँव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.मिली जानकारी के अनुसार, हरपुर गाँव में बाबा साहब की यह प्रतिमा अभी हाल ही में 14 अप्रैल को उनकी जयंती के अवसर पर स्थापित की गई थी. बुधवार की रात असामाजिक तत्वों ने अंधेरे का फायदा उठाकर प्रतिमा के अंगुली एवं चश्मे को क्षतिग्रस्त कर दिया.
गुरुवार की सुबह जब ग्रामीणों ने प्रतिमा के इस टूटे हुए भाग को देखा, तो यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई.घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है. ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.
सरपंच फुटुचंद सिंह ने कहा की ”बाबा साहब की प्रतिमा को क्षति पहुँचाना समाज की एकता और शांति को भंग करने की कोशिश है. हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इस कायराना हरकत के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए.थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया की गाँव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.जाँच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.






