सम्राट अशोक की जयंती पर निकाली गयी भव्य शोभा यात्रा,सामाजिक एकता एवं अहिंसा का दिया संदेश


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान जयंती के अवसर पर कुशवाहा महासंघ के तत्वावधान में नगर में भव्य जुलूस एवं शोभायात्रा निकाली गयी.यह शोभायात्रा पिप्पली बुद्ध विहार स्थित गौतम बुद्ध की प्रतिमा से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः वहीं लौटकर एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई.
शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ों का आकर्षक काफिला चल रहा था, जिसके पीछे हजारों की संख्या में पैदल श्रद्धालु शामिल थे. इसके बाद बाइक सवारों का लंबा काफिला और दर्जनों रथों पर सम्राट अशोक की तस्वीरों के साथ युवाओं की टोली थी.जुलूस के दौरान “विश्व विजेता सम्राट अशोक” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे, जिससे पूरा शहर अशोकमय हो गया. यह शोभायात्रा शहर के रेलवे स्टेशन, ज्योति प्रकाश चौक, मॉडल थाना, पिपरपाती रोड, अस्पताल रोड, मेन रोड, यमुना चौक, पुलिस चौकी, कॉलेज गेट और जेल पाइन रोड जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी.
इस दौरान श्रद्धालुओं ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.जिला अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह कुशवाहा ने सम्राट अशोक के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में समाज में बढ़ती भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता के बीच सम्राट अशोक के विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं.उन्होंने कहा कि अशोक का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची शक्ति केवल शस्त्रों में नहीं, बल्कि करुणा, अहिंसा और एकता में निहित होती है. उन्होंने आगे कहा कि सम्राट अशोक ऐसे महान शासक थे, जिन्होंने युद्ध की भयावहता को समझते हुए अहिंसा और धर्म का मार्ग अपनाया और पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया.
उनका जीवन केवल भारत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है.शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य सम्राट अशोक के त्याग, बलिदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना था, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी भारत के महान सम्राटों और महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास को जान सकें और उससे प्रेरणा ले सकें.इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी दीपक मौर्य, रवि मौर्य, संतोष कुशवाहा, बबन कुशवाहा, अजय मुखिया, हीरा सिंह कुशवाहा, संजय कुशवाहा, रंजीत कुशवाहा, मुन्ना कुशवाहा, जयप्रकाश सिंह, राहुल मौर्य, अविनाश मौर्य, जेपी कुशवाहा, पंजाबी कुशवाहा, वीर बहादुर सिंह, पुष्पेंद्र कुशवाहा, सुनील कुशवाहा, मुखिया कुशवाहा, दिनानाथ ठाकुर, सोनू कुशवाहा, मोनू कुशवाहा, विनोद कुमार सिंह, गौरी कुशवाहा, विद्यासागर सिंह सहित अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा.इस आयोजन ने पूरे शहर में सामाजिक एकता, भाईचारे और अहिंसा का सशक्त संदेश प्रसारित किया.






