चौसा नगर पंचायत का बजट पारित, बुनियादी सुविधाओं एवं सामाजिक योजनाओं पर लगी मुहर


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- चौसा नगर पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 79.44 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट पारित किया है.जिसमें शहर के समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और सामाजिक योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है. बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने की, संचालन कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) रानी कुमारी ने किया.
बजट में पूर्व वर्षों 2024-25 और 2025-26 (दिसंबर तक) के आय-व्यय का विश्लेषण करते हुए आगामी वर्ष के संभावित संसाधनों का आकलन किया गया है.प्रारंभिक शेष राशि करीब 6.40 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जबकि आंतरिक राजस्व और केंद्र-राज्य अनुदान मिलाकर कुल आय 81.14 करोड़ रुपये आंकी गई है.
नगर विकास को गति देने के लिए 49.39 करोड़ रुपये पूंजीगत मद में खर्च किए जाएंगे, जबकि 30.05 करोड़ रुपये स्थापना व अन्य राजस्व व्यय पर प्रस्तावित हैं. बजट में मार्केट कॉम्प्लेक्स, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय, बस स्टैंड, रैन बसेरा, पुस्तकालय, सड़क व पुल निर्माण, ओल्ड एज होम, पिंक टॉयलेट और अशोक सम्राट भवन जैसे कई अहम परियोजनाओं को शामिल किया गया है.इसके अलावा छठ महापर्व, दीपावली जैसे आयोजनों की व्यवस्था, स्वच्छता पर विशेष ध्यान और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को भी प्राथमिकता दी गई है.
बजट के अंत में लगभग 8.10 करोड़ रुपये शेष रहने का अनुमान है, जिससे भविष्य की योजनाओं को भी बल दिया जाएगा.बैठक में सांसद व विधायक प्रतिनिधि, उप चेयरमैन, वार्ड पार्षदों एवं नगर कर्मियों मौजूद रहे.






