आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’ नारों के साथ छात्रों ने निकाली प्रभात फेरी


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के संगरॉव स्थित प्राथमिक विद्यालय (बालक) के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और नए शैक्षणिक सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रभात फेरी निकाली.विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौरीशंकर राम के नेतृत्व में निकाली गई इस प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गांव की गलियों और मुख्य मार्गों का भ्रमण किया.
हाथों में शिक्षा जागरूकता से जुड़ी तख्तियां लिए बच्चे जोश भरे नारे लगा रहे थे. प्रधानाध्यापक गौरीशंकर राम ने कहा शिक्षा ही वह एकमात्र रास्ता है जिससे समाज का सर्वांगीण विकास संभव है. हमारा लक्ष्य है कि पोषक क्षेत्र का एक भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे.सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं जैसे पोशाक, छात्रवृत्ति और मध्याह्न भोजन का लाभ उठाने के लिए अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालय में अवश्य कराएं.






