राजपुर के अकबरपुर में कमरे में पंखे से लटका मिला युवक का शव, गांव में छाया मातम


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतक की पहचान अकबरपुर निवासी विद्यासागर सिंह के 27 वर्षीय पुत्र दीपू कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद से ही गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह खाना खाकर सोने चले गए थे.इनकी पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके गयी थी.दीपू भी अपने कमरे में सोने चला गया था शनिवार की सुबह घर के अन्य सदस्य अपने-अपने दैनिक कार्यों में जुट गए, लेकिन जब काफी देर तक दीपू अपने कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों को चिंता हुई.परिजनों ने जब दीपू के कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो वह अंदर से बंद था.काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो किसी तरह दरवाजा खोला गयाअंदर का नजारा देखते ही परिजनों के होश उड़ गए.दीपू का शव पंखे की कुंडी से फंदे पर लटक रहा था.
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा.थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है.जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा.इस अचानक हुई घटना से मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना के बाद से ही यह पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है.घटना की सूचना मिलते ही मानवाधिकार सदस्य सत्येंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे.उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक जांच कर रही है.






