सड़क हादसे में वेल्डिंग कारीगर की मौत, तीन साल की मासूम बाल-बाल बची
परिवार का इकलौता सहारा छीना


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी दामोदर शर्मा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी है.नियति का खेल भी कितना अजीब होता है.एक तरफ जिंदगी छीन ली गई, तो दूसरी तरफ कुदरत का करिश्मा ऐसा दिखा कि मौत के मुहाने पर खड़ी तीन साल की मासूम बाल-बाल बच गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार, दामोदर शर्मा पिता स्व विष्णु शर्मा शनिवार की सुबह लगभग 9:00 बजे अपने गांव से किसी काम के सिलसिले में परसथुआ जाने के लिए निकले थे. जैसे ही वे कोचस थाना क्षेत्र के गंगवलिया वन के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
हादसा इतना भीषण था कि दामोदर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई.टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. स्थानीय लोगों के जुटने से पहले ही चालक ट्रक छोड़कर भागने में सफल रहा.सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया.पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों और पहचान के आधार पर उनके परिजनों को घटना की सूचना दी.मौत की खबर जैसे ही गीता नगर बसही पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे घर में कोहराम छा गया.
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.समाजसेवी कृष्णकांत चौहान ने अत्यंत दुख व्यक्त करते हुए बताया कि दामोदर के पिता की मौत कई वर्ष पूर्व ही हो चुकी थी.पिता के जाने के बाद पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी दामोदर के ही कंधों पर थी. वे वेल्डिंग का काम करके अपने परिवार का पेट पालते थे.चार वर्ष पूर्व ही उनकी शादी परसथुआ थाना क्षेत्र के कथराई गांव निवासी आरती देवी से हुई थी.अभी तो उनकी गृहस्थी ठीक से पटरी पर आई भी नहीं थी कि इस हादसे ने हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया.दामोदर परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया.
पत्नी आरती देवी अपनी तीन साल की बच्ची को सीने से लगाकर बदहवास पड़ी हैं.बूढ़ी मां धनराजो कुंवर अपने इकलौते सहारे को खोकर बार-बार बेहोश हो रही हैं.मां और पत्नी के करुण क्रंदन को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई.घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह और समाजसेवी राकेश सिंह घटनास्थल व पीड़ित परिवार के पास पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद दिलवाने का आश्वासन दिया.फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है.






