विश्व पर्यटन दिवस पर डालसा बक्सर की अनूठी पहल, कानूनी जागरूकता के साथ दिया ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाने और आम नागरिकों को उनके मौलिक व कानूनी अधिकारों से रूबरू कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. पटना उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार यह शिविर चौसा स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुआ.शिविर का मुख्य ध्येय आम लोगों को बुनियादी कानूनी अधिकारों, सरकार की जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की जानकारी देना और साथ ही बक्सर की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहरों व पर्यटन स्थलों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना था.
आयोजन के दौरान प्राधिकार द्वारा नियुक्त प्रशिक्षित पैरा लीगल वालंटियर्स शत्रुघ्न सिन्हा एवं सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों को कानून की बारीकियों से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि किस प्रकार समाज का कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है.इसके अलावा, चौसा जैसे ऐतिहासिक महत्व वाले क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के संरक्षण और उनके विकास में स्थानीय जनभागीदारी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया.
विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए पूर्व में ही स्थानीय पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार सिंह को पत्र प्रेषित कर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी.चौसा की ऐतिहासिक भूमि पर कानून और पर्यटन जागरूकता के इस अनूठे संगम को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और प्रबुद्धजनों के बीच काफी उत्साह देखने को मिला.






