Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
others

देवढ़ियां का ऐतिहासिक सूर्य मंदिर, इतिहास के पन्नों से गायब होती विरासत!

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- समय के थपेड़े कितनी भी बड़ी सभ्यताओं को धुंधला करने की कोशिश करें, लेकिन आस्था और इतिहास के निशान अमिट होते हैं. जिले के राजपुर प्रखंड स्थित देवढ़िया गाँव का ऐतिहासिक सूर्य मंदिर कुछ ऐसी ही अनकही कहानियों और प्राचीन रहस्यों को समेटे हुए है.लगभग चार एकड़ के विशाल परिसर में फैला यह पवित्र स्थल आज भी अपनी प्राचीनता के गौरवशाली अवशेषों पर खड़ा है, लेकिन संरक्षण के अभाव में यह अपनी सुध लेने वाले हुक्मरानों की राह देख रहा है.

आस्था का ऐसा केंद्र, जहाँ सीमाओं को लांघकर आते हैं श्रद्धालु

​छठ महापर्व के अवसर पर इस सूर्य मंदिर और इसके विशाल सरोवर के तट पर जो नजारा दिखता है, वह अपने आप में अलौकिक है. बक्सर, कैमूर और रोहतास के अलावा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर, बलिया और गोरखपुर तक के श्रद्धालु अपनी मन्नतें पूरी करने के लिए इस पावन धरती पर खींचे चले आते हैं.मंदिर के ठीक सामने लगभग 10 फीट से अधिक गहराई वाला एक विशाल सरोवर है.करीब 16 वर्ष पूर्व हुई इसकी सफाई के दौरान अति प्राचीन काल की पतली ईंटें और सरोवर के गर्भ में सात कुएँ होने के दुर्लभ प्रमाण मिले थे, जो उस काल की उत्कृष्ट जल-प्रबंधन प्रणाली की गवाही देते हैं.​इस मंदिर के कण-कण में प्राचीन इतिहास दफन है, जिसे लेकर स्थानीय लोग और बुद्धिजीवी कई चौंकाने वाले दावे करते हैं.

मंदिर के गर्भ गृह में खड़ा विशालकाय पीपल का पेड़ इस बात की गवाही देता है कि यह स्थल बौद्ध कालीन राजाओं के समय का हो सकता है. समय-समय पर पोखरे की खुदाई से बौद्ध कालीन मूर्तियाँ भी मिलती रही हैं.मंदिर के मुख्य दरवाजे पर ग्रेनाइट का वह प्राचीन पत्थर आज भी लगा है जिस पर प्राचीन लिपि में संदेश उत्कीर्ण है.दुखद पहलू यह है कि कुछ वर्ष पूर्व में ही प्लास्टर के दौरान इसे अनदेखे तरीके से ढक दिया गया. इसके अलावा, परिसर में बलुआ पत्थर से बनी खंडित मूर्तियाँ आज भी बिखरी पड़ी हैं.​अपनी ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्ता के बावजूद यह धरोहर आज कई गंभीर संकटों से जूझ रही है.

​अतिक्रमण की भेंट चढ़ती जमीन

 मंदिर और पोखरे की बेशकीमती जमीन पर आसपास के लोगों द्वारा लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे इसका दायरा सिकुड़ता जा रहा है.​जहाँ एक ओर प्रशासनिक सुस्ती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोग अपनी इस धरोहर को बचाने के लिए खुद आगे आ रहे हैं.पूर्व मुखिया रामहरीश तिवारी द्वारा सरोवर की देखरेख के लिए चारदीवारी का निर्माण कराया गया था, तो वहीं पिछले वर्ष वर्तमान मुखिया कुमारी पूजा की पहल से इसके किनारे पक्का घाट बनाया गया, जिससे छठ व्रतियों को कुछ राहत मिली है.​गाँव के लोगों का दृढ़ विश्वास है कि यदि शासन और प्रशासन थोड़ी सी भी गंभीरता दिखाए, तो यह ऐतिहासिक स्थल सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवेश का एक पर्यटन स्थल बन सकता है, जिससे इस क्षेत्र को वैश्विक पहचान मिल सकेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button