मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक लापता, अपनों की पथराई आंखें कर रहीं इंतजार


नेशनल आवाज़ /बक्सर /भभुआ :- घर के चिराग के अचानक लापता हो जाने से एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक बीते 23 नवंबर से अपने घर से लापता है, जिसकी तलाश में परिजन दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं. युवक की सकुशल वापसी की उम्मीद में परिजनों ने राजपुर थाने में पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी है और आम लोगों से भी मदद की गुहार लगाई है.लापता युवक की पहचान कैमूर भभुआ जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़का जैतपुर कला, पोस्ट- जैतपुर कला, पिन कोड- 821102 निवासी राम भजन पासवान के पुत्र चंद्रमा पासवान के रूप में हुई है.
उसके भाई सुनील कुमार पासवान और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के मुताबिक, चंद्रमा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया है.परिजनों द्वारा जारी किए गए पोस्टर के अनुसार, लापता होने के समय युवक ने चेक शर्ट पहन रखी थी. 23 नवंबर को उसे आखिरी बार देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है. अनहोनी की आशंका से सहमे परिजन हर संभावित जगह पर उसकी तलाश कर रहे हैं.
परिजनों ने समाज के संवेदनशील लोगों से अपील करते हुए कहा है कि यदि यह युवक किसी को भी कहीं दिखाई दे या इसके बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो मानवता के नाते तुरंत नजदीकी राजपुर थाना या परिजनों के मोबाइल नंबरों पर सूचित करें. आपकी एक छोटी सी सूचना किसी उजड़ते परिवार की खुशियां लौटा सकती है.इसकी सूचना मोबाइल नंबर: 9576213139, 9661517553, 9890911542 या निकटतम पुलिस स्टेशन को दें.






