राजपुर में धूमधाम से मनायी गयी भीमराव अंबेडकर की जयंती

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर के प्रांगण में अंबेडकर समिति के तत्वधान में संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गयी. कार्यक्रम के आरंभ में पंचशील त्रिशरण दीप प्रज्ज्वलन कर इनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गगनभेदी नारे लगाए गये. इसके बाद उपस्थित लोगों ने भीमराव अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए इन्हें देश के गरीबों के मसीहा के रूप में व्यक्त किया.जिला मत्स्य पदाधिकारी आशुतोष कुमार रजक ने कहा कि आज का दिन समता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है.

जिन्होंने समाज के हर वर्ग के लोगों को एक साथ चलने का राह दिखाया है.हमें आज भी इनके रास्ते पर चलने की जरूरत है.लालजी राम ने कहा कि भारतीय संविधान हम सभी भारतीयों को एक होकर रहने की सीख देता है. समानता एवं बंधुत्व की बात सिखा कर यह हम सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. संविधान हमें अपने हक और अधिकार की लड़ाई के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है. संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर हमारे समाज के लिए एक आदर्श हैं .

हमें आज भी संविधान के रास्ते पर चलने की जरूरत है.इस मौके पर जिप सदस्य पूजा कुमारी,मुखिया ममता देवी, अनिल सिंह,आनंद प्रकाश सिंह, बंशनरायण राम, संजय राम, अरबिंद राम ने भी इनके रास्ते पर चलने का आह्वान किया.विभिन्न गांव में युवाओं की टोली ने क्षेत्र के राजपुर, बन्नी, ककरिया, भरखरा,जमौली,कटरिया सहित अन्य जगहों पर सैकड़ों की तादाद में जय भीम के नारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गयी.






