भीषण गर्मी से कनेहरी उच्च विद्यालय में छात्र-छात्रा हुई बेहोश, सुबह नौ बजे हुई छुट्टी

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के कनेहरी उच्च विद्यालय में सोमवार को स्कूल अवधि के दौरान गर्मी के कारण एक-एक कर लगभग 10 बच्चे बेहोश हो गए.इस घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीषण गर्मी और लू ने स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सुबह चेतना सत्र समाप्त होने के बाद जैसे ही पहली घंटी की पढ़ाई शुरू हुई, तभी अचानक बच्चे गश खाकर गिरने लगे.
देखते ही देखते करीब 10 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए.घटना के तुरंत बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरबिंद कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रभावित बच्चों को पंखे के नीचे लिटाया और प्राथमिक उपचार शुरू किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को दी गई.बच्चों के बेहोश होने की खबर मिलते ही अभिभावक स्कूल पहुँच गए.सूचना पर पहुंची मेडिकल टीम ने सभी गंभीर छात्राओं को एम्बुलेंस से तत्काल सीएचसी लाया गया.जहां उपचार के बाद सभी को दोपहर बाद अस्पताल से छुट्टी दें दी गयी.अभी वह पूरी तरह से स्वस्थ है.
चिंताजनक बात यह है कि इस विद्यालय में पहली घटना नहीं है. बीते शनिवार को भी गर्मी की वजह से कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी. बार-बार हो रही इन घटनाओं से अभिभावकों में रोष और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है. प्रधानाध्यापक अरबिंद कुमार सिंह ने बताया की भीषण गर्मी के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी है.हमने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया है.
वरीय अधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है. इससे पहले विगत दिनों स्वास्थ्य विभाग को आवेदन देकर प्राथमिक उपचार हेतु कुछ दवा एवं ओआरएस की मांग की गई थी जो उपलब्ध नहीं कराया गया है.वरीय अधिकारी के निर्देश पर सुबह 9:00 बजे स्कूल की छुट्टी भी कर दी गई.






