तेज रफ्तार दो बाइक की हुई टक्कर में एक युवक की हुई मौत, तीन घायल

नेशन आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा कोचस मुख्य मार्ग पर मकोरियाडीह के समीप तेज रफ्तार दो बाइक की हुई टक्कर में चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसमें एक युवक की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई. मृत युवक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर गांव निवासी 30 वर्षीय प्रवीण पांडेय पिता चंद्रभूषण पांडेय के रूप में की गयी है.

घायलों की पहचान मानिकपुर निवासी 26 वर्षीय नीरज पांडेय पिता – स्व झरोरा पांडेय,45 वर्षीय विनीत उर्फ छोटू पांडेय पिता हृदयशंकर पांडेय एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव निवासी 24 वर्षीय गोलू कुमार पिता भोला साह के रूप में हुई है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मानिकपुर गांव निवासी प्रवीण पांडेय अपने दोस्तों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बक्सर की तरफ जा रहे थे.जैसे ही वह राजपुर थाना क्षेत्र के मकोरियाडीह गांव के समीप पहुंचे तभी बगल से गुजर रही पिकअप से बचने के लिए ओवरटेक किया.
उसी समय अचानक विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक में जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतना जोरदार था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. दोनों गाड़ियों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल होकर रोड पर गिर पड़े. रोड पर अफरा तफरी का माहौल हो गया. आसपास गुजरने वाले लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई.
तभी इस रास्ते से गुजर रहे उत्तर प्रदेश के भावर कोल थाना क्षेत्र के खड़िया गांव निवासी एक युवक आसु राय ने मानवता का परिचय देते हुए रोड से गुजर रही एक ऑटो को रोककर उसमें सभी घायलों को लेकर सीएचसी राजपुर पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेज दिया गया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया.थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है. घटना की खबर पर पहुंचे परिजनों में चीख पुकार मच गया.






