बिहार सेन्ट्रल स्कूल में गणित ओलंपियाड के सफल छात्रों को किया गया सम्मानित


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- नगर के बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में ‘प्रतिभा सम्मान ‘ का आयोजन किया गया.जिसमें सफल प्रतिभागी छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अपनी सफलता के पीछे की मेहनत, मार्गदर्शन और प्रेरणा के बारे में बताया.विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी प्रतिभागियों और सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी सफलता से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे संभाग का नाम रोशन किया है.
यह उपलब्धि छात्रों की शैक्षिक क्षमता को और आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा उन्हें अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रेरित करेगी.इस ओलंपियाड परीक्षा में विद्यालय की छात्रा रोशनी सिंह ने पूरे प्रदेश के साथ-साथ देश स्तर पर भी प्रथम स्थान प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. अपनी सफलता पर रोशनी सिंह ने कहा कि उन्हें शुरू से ही इस परीक्षा में रुचि थी, लेकिन इस रुचि को जागृत करने और सही दिशा देने का कार्य सरोज सर ने किया.उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा सभी छात्रों को परीक्षा के प्रति जागरूक किया गया और भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिसका परिणाम आज सबके सामने है.
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा रोशनी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय, अपने माता-पिता और स्वयं की मेहनत को दिया. तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र आयुष्मान ने कहा कि उनकी सफलता का मुख्य कारण समर्पण और शिक्षकों का उचित मार्गदर्शन है. चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे दृढ़ इच्छाशक्ति सबसे महत्वपूर्ण होती है. छात्र श्वेतांक पांडे ने सफलता का मंत्र बताते हुए कहा कि सही दिशा और मजबूत इच्छाशक्ति ही सफलता की असली कुंजी है.
जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र बृजेश ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है और वह आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहेंगे. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला. शिक्षक, अभिभावक और छात्र सभी इस उपलब्धि से बेहद खुश नजर आए. अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.






