कोनौली में आग से एक गाय की मौत, दूसरी की हालत गंभीर

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के खीरी पंचायत अंतर्गत कोनौली गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है.सोमवार की देर शाम अचानक एक झोपड़ीनुमा घर में आग लग जाने से वहां बंधी एक गाय की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई. जबकि दूसरी गाय गंभीर रूप से जख्मी हो गई है.ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मवेशियों के मालिक भैरो साह शाम को पशुओं को चारा-पानी देने के बाद अपने घर चले गए थे.इसी बीच देर शाम अज्ञात कारणों से निकली एक चिंगारी ने उनकी झोपड़ीनुमा घर को अपनी चपेट में ले लिया.
सूखी घास और फूस होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लियाझोपड़ी से उठती आग की तेज लपटों और धुएं को देखकर स्थानीय ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके पर दौड़े.आस-पड़ोस के दर्जनों लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने पूरे आशियाने को जलाकर राख कर दिया. इस हादसे में झोपड़ी के अंदर बंधी एक गाय पूरी तरह झुलस गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर किसी तरह दूसरी गाय को बाहर निकाला, जो अत्यंत गंभीर रूप से झुलस चुकी है.
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पशु चिकित्सा टीम को दी गई.सूचना मिलते ही डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और झुलसी हुई गाय का इलाज शुरू कर दिया है. उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.इस घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मामले को लेकर स्थानीय समाजसेवी उमेश कुशवाहा ने गहरा दुःख व्यक्त किया है. उन्होंने प्रशासन और राज्य सरकार से पीड़ित किसान की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें अविलंब उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है.






