राजपुर में तीन दिवसीय ‘सहयोग सह जन कल्याण शिविर’ का भव्य आगाज, एसडीएम ने बांटे राशन कार्ड

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में तीन दिवसीय ‘सहयोग सह जन कल्याण शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया.यह शिविर आगामी 18 जून तक मुख्यालय में होगा. इसके साथ ही राजपुर, रसेन, मंगराव एवं खीरी पंचायतों में भी सहयोग शिविर लगाए गए.शिविर में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए विभिन्न विभागों द्वारा लगभग 21 स्टॉल लगाए गए.

हालांकि, सूचना के अभाव में पहले दिन उम्मीद से कम भीड़ देखी गई.रसेन पंचायत में मुखिया अजय राम और खीरी में मुखिया इंद्रावती देवी के नेतृत्व में शिविर का संचालन हुआ. वहीं, राजपुर के पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में मुखिया अनिल सिंह की मौजूदगी में सभी विभागों के कर्मी मुस्तैद दिखे, जहाँ ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे.
शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे एसडीएम अविनाश कुमार ने मौके पर ही पंचायत के तीन बीपीएल परिवारों को नए राशन कार्ड वितरित किए. इस दौरान उन्होंने कहा सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनों के सहयोग से आपसी सामंजस्य बनाकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान करना है.जिन लोगों को भी कोई समस्या है, वे शिविर में आकर इसका लाभ उठाए.
एसडीएम ने अधिकारियों और कर्मियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रखंड स्तर पर यह शिविर तीन दिनों तक जारी रहेगा ताकि किसी भी पंचायत के लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकें. उन्होंने यह भी हिदायत दी कि शिविर में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का हर हाल में पांच दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.शिविर को सफल बनाने के लिए बीडीओ सिद्धार्थ कुमार, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, बीएओ ऋषिकेश यादव, बीएचओ मुन्ना सिंह, बीसीओ पप्पू कुमार एवं दीपू कुमार समेत सभी विभागों के आला अधिकारी और कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.






