बक्सर में 16 वर्षों बाद पावरलिफ्टिंग का भव्य आगाज़: राजपुर के उमाशंकर पांडेय बने जिला चैंपियन, 505 किग्रा वजन उठाकर लहराया परचम

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- नगर के कलाभवन परिसर में जिला प्रशासन एवं जिला पावरलिफ्टिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ.लगभग 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों में अद्भुत उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली.कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने दीप प्रज्वलित कर किया. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
नौ दौर तक चली इस कांटे की टक्कर में राजपुर प्रखंड के बन्नी पंचायत के भरखरा गांव निवासी उमाशंकर पांडेय ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी.उन्होंने कुल 505 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया और जिला चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.इस शानदार जीत के साथ ही उमाशंकर का चयन पटना में 6 से 9 अगस्त तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हो गया है.उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है.उनकी इस उपलब्धि पर बीडीओ मनोज कुमार, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, मुखिया अनिल सिंह,शिक्षिका उषा मिश्रा,शिक्षक धनंजय मिश्रा,ब्रजेश राय, मिथिलेश ठाकुर के अलावा स्थानीय समाजसेवियों तथा बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं.
खेल केवल पदक जीतना नहीं, अनुशासन और नेतृत्व की आधारशिला है: डीएम
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीएम श्रीमती साहिला ने कहा खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और एक स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला है.खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और नशामुक्त जीवन का संदेश देते हैं. बक्सर जिला प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव अवसर और प्रोत्साहन देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है.उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया.
‘बक्सर से निकलेंगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी’
जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि जिला पदाधिकारी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और जिला खेल पदाधिकारी के कुशल नेतृत्व के कारण ही इतने वर्षों बाद यह भव्य आयोजन संभव हो पाया है. इस मंच से आने वाले समय में जिले से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे.इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पाण्डेय, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), जिला पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सुबोध कुमार राय सहित कई गणमान्य अतिथि, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे.






