देशी कट्टे के साथ पुलिस ने सिरफिरे युवक को रंगे हाथ दबोचकर भेजा जेल


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत स्थित जमौली डेरा गांव में हथियार के बल पर लोगों में खौफ पैदा करने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम जमौली डेरा गांव निवासी वशिष्टमुनि नोनिया उर्फ मिस्त्री हाथ में अवैध देशी कट्टा लेकर अपने घर के बाहर निकला और जोर-जोर से चिल्लाते हुए ग्रामीणों पर धौंस जमाने लगा.
सरेआम युवक के हाथ में लोडेड हथियार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और जान बचाने के लिए लोग अपने-अपने घरों की तरफ भागने लगे.इसी दौरान किसी ग्रामीण ने समझदारी दिखाते हुए इस घटना की सूचना तुरंत राजपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हथियार के साथ रंगे हाथ दबोच लिया.
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया.मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है.आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.






