मनबढ़ युवकों ने एक युवक को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा गड़ही दीवाल के पास एक 17 वर्षीय युवक को दो मनबढ़ युवकों ने गोली मार दी.घायल युवक की पहचान नरबतपुर निवासी मोहित चौधरी के रूप में की गई है.घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राधेश्याम चौधरी का पुत्र मोहित किसी काम से महादेवा घाट की तरफ जा रहा था. जैसे ही यह चौसा गर्ल्स हाई स्कूल के समीप पहुंचा तभी अचानक पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया.
पुरानी रंजिश को लेकर दोनों में गाली गलौज होने लगा.बात ही बात में एक युवक ने कमर से पिस्तौल निकाल कर गोली चला दिया.यह गोली मोहित के बाएं हाथ की हथेली में लग गई. खून से लथपथ मोहित चीखने चिल्लाने लगा. घटना के बाद दोनों युवक वहां से भाग निकले.आवाज सुनकर आसपास से पहुंचे लोगों ने इसे तत्काल सदर अस्पताल बक्सर में भर्ती कराया. घटना की सूचना पर पहुंचे एसडीपीओ गौरव पांडेय ने जांच पड़ताल शुरू कर दिया है.इन्होंने बताया कि मोहित के ब्यान के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. वहीं इस घटना के बाद लोगों में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है.






