राजपुर विद्युत पावर स्टेशन में लगी भीषण आग, बिजली आपूर्ति बंद

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड स्थित विद्युत पावर सब स्टेशन परिसर में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में सबस्टेशन में लगे 10 एमबीए और 5 एमबीए के दो बड़े ट्रांसफार्मर पूरी तरह आग की चपेट में आ गए हैं.मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:20 बजे सबस्टेशन परिसर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ.
देखते ही देखते चिंगारियों ने विकराल आग का रूप ले लिया.ड्यूटी पर तैनात लाइनमैन और ऑपरेटरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेल की मौजूदगी के कारण आग ने देखते ही देखते पूरे ट्रांसफार्मर यार्ड को अपनी चपेट में ले लिया.घटना के तुरंत बाद स्थानीय अधिकारियों और फायर ब्रिगेड की टीम को सूचित किया गया.
ताज़ा जानकारी मिलने तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुँच सकी थीं. आपके गुब्बारे एवं धुएं को देखते हुए सुरक्षा बल तैनात हो गए हैं. लोगों को भी इससे दूरी बनाए रखने की अपील की गई है. फिलहाल पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद कर दी गई है.ट्रांसफार्मर जलने के कारण क्षेत्र में बिजली संकट गहराने की पूरी संभावना है.यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो अन्य उपकरणों को भी भारी नुकसान पहुँच सकता है. स्थानीय ग्रामीण और विभाग के अधिकारी अब दमकल विभाग की तत्परता पर नजरें टिकाए हुए हैं.






