राजपुर में नशा खिलाकर युवक से लूट, जमौली पुल के पास बेहोशी की हालत में मिला


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा कोचस मुख्य मार्ग पर जमौली पुल के समीप एक युवक बेहोशी की हालत में पाया गया. जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया.जिसकी पहचान रोहतास जिला के कोचस थाना क्षेत्र के कपसिया गांव निवासी 25 वर्षीय धनजी गुप्ता के रूप में की गयी है.यह युवक नशाखुरानी गिरोह का शिकार बताया गया.परिजनों के अनुसार, धनजी बेंगलुरु में नौकरी करता है. वह गुरुवार की शाम बेंगलुरु से ट्रेन पकड़कर अपने घर रोहतास के लिए रवाना हुआ था. शनिवार सुबह जब वह बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचा, तो वहां उसकी मुलाकात कुछ अज्ञात लोगों से हुई.
विश्वास में लेते हुए गिरोह के सदस्यों ने कहा कि वे भी कोचस की ओर ही जा रहे हैं. इसी भरोसे में आकर धनजी उनके साथ बैठ गया.रास्ते में बदमाशों ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिला दिया. जिससे वह कुछ ही देर में अचेत हो गया.
जिसे जमौली पुल के पास बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए.होश आने पर धनजी को पता चला कि उसका एंड्रॉइड मोबाइल फोन और पास में रखी नगदी गायब है.हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने धनजी के ही मोबाइल फोन से उसके परिजनों को कॉल किया.उन्होंने सूचना दी कि धनजी जमौली पुल के पास बेहोशी की हालत में पड़ा है.सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में भर्ती कराया गया. जहां से उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई. भाजपा नेत्री सुधा गुप्ता ने बताया कि बाहर से आने वाले मजदूरों के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही है.लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.हालांकि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंचकर अस्पताल पहुंचाया.
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया. जहां उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे घर भेज दिया गया है. परिजनों के तरफ से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं है. आम जनों से अपील है कि वह किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में ना आए.






