बदहाली : ईसापुर-खीरी मार्ग पर विभाग की लापरवाही, पहली बारिश में ही फिसलन से दर्जनों बाइक सवार घायल

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के ईसापुर से खीरी तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर पथ निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है.मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढों और विभाग द्वारा बरती गई कोताही के कारण शुक्रवार की सुबह हुई तेज बारिश के बाद दर्जनों लोग गिरकर घायल हो गए.सबसे बदतर स्थिति संगरॉव बाजार, पलिया और आसपास के गांवों के पास देखने को मिल रही है, जहाँ सड़क पर चलना भी दूभर हो गया है.स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, इस मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए थे.
विभिन्न गांवों के पास इन गड्ढों में पानी जमा होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही थी. इस जलजमाव से निजात दिलाने के लिए पिछले दिनों पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क की खुदाई कर नाला तो डाला गया, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद बड़ी लापरवाही बरती गई.विभाग ने खुदाई वाली जगह पर गिट्टी और पत्थर डालने के बजाय सिर्फ मिट्टी का ढेर लगाकर छोड़ दिया.शुक्रवार की सुबह जैसे ही तेज बारिश हुई, गड्ढों में भरी गई वह मिट्टी पूरी तरह दलदल और कीचड़ में तब्दील हो गई.
इसके कारण सड़क पर इतनी भयानक फिसलन हो गई कि वहाँ से गुजरने वाले बाइक सवार एक-एक कर अनियंत्रित होकर पलटने लगे.देखते ही देखते दर्जनों राहगीर गिरकर चोटिल हो गए.संगरॉव बाजार के स्थानीय ग्रामीण संतोष सिंह, राधेश्याम सिंह,संजय सिंह सहित आसपास के दर्जनों दुकानदारों और ग्रामीणों ने इस व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जाहिर की है. ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की इस घोर लापरवाही के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने मांग की है कि उच्च अधिकारी इस मामले पर तुरंत संज्ञान लें और मिट्टी हटाकर सड़क पर गिट्टी-पत्थर डलवाकर इसे अविलंब चलने योग्य बनाएं.






