नवाचार की खुशबू से महका बक्सर 101 शिक्षकों को मिला ‘टीबीटी’ का भव्य सम्मान
कबाड़ से जुगाड़ थीम पर सजी प्रदर्शनी, 'अधूरी दहलीज' नाटक ने दहेज प्रथा पर किया कड़ा प्रहार


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के डुमराँव डायट परिसर में द बिहार टीचर्स हिस्ट्री मेकर्स (TBT) फेसबुक मंच के तत्वावधान में गुरुवार को जिला स्तरीय 101 नवाचारी शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह बेहद धूमधाम से संपन्न हुआ.जिसकी अध्यक्षता बक्सर जिला अध्यक्ष स्नेह लता सिंह एवं संचालन पूजा ओझा, डॉ. ज्योत्सना सिंह, दिलीप जी एवं कंचन सिंह ने संयुक्त रूप से किया.कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि डुमरांव विधानसभा के विधायक राहुल कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि डुमरांव डायट के प्राचार्य विवेक कुमार मौर्या ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया. आगंतुक अतिथियों को मोमेंटो, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते पौधे और प्रतिष्ठित ‘बैचलर टोपी’ पहनाकर सम्मानित किया गया.
‘कबाड़ से जुगाड़’ और शिक्षा में नित नए नवाचारों की लगी प्रदर्शनी
नवाचारों को समर्पित यह कारवां बिहार के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए अपने 18वें पड़ाव के रूप में बक्सर पहुंचा, जहाँ शिक्षा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला.विधायक राहुल सिंह ने कहा यह कार्यक्रम केवल एक सम्मान समारोह नहीं है, बल्कि शिक्षा को एक नई और आधुनिक प्रणाली से प्रस्तुत करने वाला एक प्रेरणादायी मंच है.मंच के संस्थापक डॉ. कुमार गौरव ने सभी नवाचारी शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
टीबीटी मंच का मुख्य उद्देश्य बिहार के सभी 38 जिलों के शिक्षकों को एक साझा मंच प्रदान करना और शिक्षण को रोचक बनाना है. कार्यक्रम में शिक्षकों द्वारा कबाड़ से जुगाड़ तकनीक पर बनाए गए शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) की प्रदर्शनी लगाई गई, जो सभी के आकर्षण का मुख्य केंद्र बिंदु रही.डायट प्राचार्य विवेक कुमार मौर्या ने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षकों में एक नवीन ऊर्जा का संचार होता है, जो अंततः बच्चों के भविष्य को संवारता है.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नाटक ने मोहा मन
समारोह में शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया.गणेश वंदना, अभियान-गीत, स्वागत-गीत, छठ-गीत और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए.शिक्षकों द्वारा अभिनीत नाटक ‘अधूरी दहलीज’ के मंचन ने दहेज प्रथा के वीभत्स रूप को उजागर कर समाज को एक कड़ा संदेश दिया. पटना प्रमंडल से आईं श्रीमती बबीता जी, शैलेश जी, बक्सर जिला अध्यक्ष स्नेह लता सिंह और उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में सजी कव्वाली ने सबका मन मोह लिया. इसमें सोनम, ममता, ज्योत्सना, सुषमा, शोभा और पूजा ओझा जैसे शिक्षकों ने प्रमुख भूमिका निभाई.
सेल्फी पॉइंट और प्रमंडल टीम का फीडबैक
’जय बिहार, जय टीबीटी’ के गगनभेदी नारों के बीच सभी शिक्षकों और अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए विशेष ‘सेल्फी पॉइंट’ पर अपनी तस्वीरें खिंचवाईं और डिजिटल फीडबैक साझा किया.पटना प्रमंडल टीम की सदस्या बबीता जी ने बक्सर को ज्ञान की प्रचंड भूमि बताते हुए सफल आयोजन की सराहना की. वहीं, रोहतास से आईं ममता कुमारी और पटना के शैलेश जी ने बक्सर टीम की ऊर्जा की जमकर तारीफ की.
अतिथियों के स्वागत में वरीय शिक्षक ब्रजेश राय एवं धनंजय मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.सांस्कृतिक प्रतिभागी में अमित राय, सोनम कुमारी, शैलेंद्र राय, सुरेश जी, पूजा ओझा, श्वेता कुमारी, रेणु कुमारी, प्रीति राय, प्रतिची चतुर्वेदी, प्रियंका कुमारी, मंजू कुमारी की सराहनीय भूमिका रही.






