सिमरी में मनबढ़ युवक ने किशोर को मारी गोली, हालत गंभीर

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिले के सिमरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ एकौना और दुबौली गांव के बीच मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने 17 वर्षीय किशोर को पेट में गोली मार दी. घायल किशोर को गंभीर अवस्था में बक्सर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. घायल किशोर की पहचान एकौना गांव निवासी हरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र मनीष यादव के रूप में हुई है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह लगभग 10:00 बजे मनीष अपनी बाइक से एकौना से दुबौली की तरफ जा रहा था.तभी रास्ते में उसकी मुलाकात दुबौली निवासी रौनक तिवारी,पिता गणेश तिवारी से हुई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मनीष ने रौनक से कुछ बात कही, जिससे नाराज होकर रौनक ने अचानक अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और मनीष पर गोली चला दी. गोली मनीष के पेट में लगी और वह वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़ा.घटना की सूचना मिलते ही मनीष के परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए बक्सर ले गए. डॉक्टरों के अनुसार, मनीष की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है.
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी रौनक नशेड़ी किस्म का युवक है और अक्सर छोटी-छोटी बातों पर लोगों से उलझ जाता है.घटना के बाद से ही दोनों गांवों एकौना और दुबौली के बीच भारी तनाव व्याप्त है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात है.एसपी शुभम आर्य ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की
एक 17 वर्षीय युवक को पेट में गोली लगी है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास जारी हैं.






