महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने किया पुतला दहन,सरकार के खिलाफ जताया विरोध


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के निर्देशानुसार जिला ओबीसी विभाग कांग्रेस द्वारा बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों तथा आवश्यक वस्तुओं के दामों में हो रही वृद्धि के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया.जिसकी अध्यक्षता जिला ओबीसी विभाग के अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने किया. जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया.
कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है. जिला कांग्रेस कमेटी बक्सर के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि आज देश गंभीर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है. महंगाई की मार से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवार बुरी तरह प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और लोगों को अपने दैनिक खर्चों को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
डॉ. मनोज पांडेय ने आगे कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी लगातार देश के ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल सत्ता की राजनीति में लगी हुई है. सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की स्थिति दोनों प्रभावित हो रही हैं. जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय के साथ संजय कुमार दुबे, त्रियोगी नारायण मिश्रा, अजय यादव, मोहम्मद अयास, विमल चौबे, मुन्ना तुरहा, बबन तुरहा, राकेश यादव, पिंटू दुबे, यतेंद्र गुप्ता सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक आपातकालीन बैठक भी आयोजित की गई. इस बैठक में देश में बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि तथा आम जनता की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई.बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी जनहित से जुड़े इन मुद्दों को पूरी मजबूती और सक्रियता के साथ उठाएगी तथा आम जनता की आवाज को बुलंद करेगी.
बैठक में यह भी तय किया गया कि केंद्र सरकार के इस निर्णय का कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक जोरदार विरोध करेगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से लगातार आंदोलन जारी रखेगी. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आम लोगों की समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करते रहेंगे और महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाकर जनता को संगठित करेंगे.






