कटरिया के पास चलती बस पर पथराव, शीशा टूटा

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव के पास रविवार की सुबह एक चलती बस पर कुछ लोगों द्वारा पथराव करने का मामला सामने आया है.इस घटना में बस का शीशा पूरी तरह टूट गया, हालांकि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया और किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.घटना रविवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है.मिली जानकारी के अनुसार, यह बस भरखरा निवासी अखिलेश राम की है.
जो उन्हें मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत मिली है.पिछले एक सप्ताह से यह बस कटरिया से बक्सर के बीच चल रही है.शनिवार को कटरिया गांव के पास इसी बस के धक्के से मलाई राम नाम के व्यक्ति की बकरी की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता भी हो गया था. इसके बावजूद, रविवार की सुबह जब बस कटरिया गांव के पास से गुजरी, तो कुछ लोगों ने उस पर पथराव कर दिया.
घटना के तुरंत बाद बस मालिक अखिलेश राम ने राजपुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई.सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त कई लोगों को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.






