इटाढ़ी में खेत से लापता युवक का शव बरामद, शरीर पर चोट व मिट्टी के निशान से हत्या की आशंका


नेशनल आवाज़ /बक्सर : इटाढ़ी थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव स्थित बाधार में रविवार सुबह नेटुआ बीर बाबा स्थान के समीप एक 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान इटाढ़ी निवासी स्व. पारस चौधरी के पुत्र उपेन्द्र कुमार के रूप में हुई है.युवक शनिवार की शाम से ही लापता था.परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, उपेन्द्र शनिवार शाम करीब 4 बजे घर से निकला था. देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
ग्रामीणों ने परिजनों को बाधार में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी.मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान उपेन्द्र के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मारपीट कर हत्या की गई है. युवक के पूरे शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई है. हालांकि, मौत के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है.
परिजनों का भी मानना है कि उपेन्द्र की हत्या की गई है, हालांकि उन्होंने फिलहाल किसी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज नहीं कराई है.घटना की सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल से कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए चलंत फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि वह लापता था.पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.






