बक्सर में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का पोर्टल लॉन्च, छात्रों की समस्याओं का होगा समाधान


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य संस्थागत समस्याओं व शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा. इस पहल के तहत विद्यार्थियों की समस्याओं को हल करने के साथ-साथ राज्य की शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार लाने के उद्देश्य से उनसे सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं.
विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 17 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का ऑनलाइन लोकार्पण किया गया.डीएम साहिला एवं डीडीसी निहारिका छवि की मौजूदगी में यह लॉन्च किया गया.इन्होंने बताया की संबंधित शिक्षण संस्थान या छात्रावास के वास्तविक विद्यार्थी ही इस पोर्टल पर पंजीकरण कराने के पात्र होंगे.
विद्यार्थी कक्षा संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति, परीक्षा एवं परीक्षा-फल, अवैध/अनधिकृत शुल्क, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रयोगशाला, विद्युत व्यवस्था तथा कोचिंग से जुड़ी समस्याओं को दर्ज करा सकेंगे. शिकायतों के अलावा छात्र शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु अपने विचार व सुझाव भी शेयर कर सकते हैं.जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस पोर्टल और शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.प्रशासन का मानना है कि इस कदम से शिक्षा व्यवस्था अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और विद्यार्थी-केंद्रित बनेगी.







