Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
others

बक्सर-इटाढ़ी पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग को चालू कराने के लिए राजपुर विधायक ने रेलवे ज़ीएम से की मुलाकात

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- ​राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संतोष कुमार निराला ने मंगलवार को हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की.इस दौरान उन्होंने बक्सर-इटाढ़ी पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग को जल्द से जल्द चालू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया.

​विधायक ने महाप्रबंधक को अवगत कराया कि रेलवे क्रॉसिंग लंबे समय से बंद रहने के कारण स्थानीय निवासियों, कामकाजी लोगों और विशेष रूप से स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए क्षेत्र में यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. इसलिए इस समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान अत्यंत आवश्यक है.

​पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने विषय की गंभीरता को स्वीकार करते हुए संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की.उन्होंने आश्वस्त किया कि रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण व तकनीकी प्रक्रियाओं को गति दी जाएगी ताकि क्रॉसिंग को जल्द शुरू किया जा सके.

​वार्ता के बाद विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा, सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए वे हर स्तर पर प्रयासरत हैं.उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की इस दीर्घकालिक समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान निकल जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button