ब्रह्मपुर में पुलिस को मिले 120 किलो सिक्के एवं लाखों का गांजा , कई गिरफ्तार


नेशनल आवाज़ /बक्सर : – ब्रह्मपुर में चोरी छुपे किया जा रहा सिक्के एवं मादक पदार्थ के तस्करी को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया.जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.चार दिनों में दो अलग-अलग छापेमारी में पुलिस ने कुल 1 क्विंटल 20 किलो 620 ग्राम सिक्के बरामद किए हैं. ताजा छापेमारी में 32 किलो 720 ग्राम गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ सात आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं.जप्त मादक पदार्थ बाजार मूल्य लाखों में बताया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, ब्रह्मपुर निवासी राजन शर्मा के घर में मादक पदार्थ रखे जाने और उसकी खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की. इस दौरान 32.720 किलोग्राम गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. मौके से एक क्विंटल 13 किलो 920 ग्राम विभिन्न मूल्य वर्ग के सिक्के भी बरामद किए. इनमें एक, दो, पांच और दस रुपये के सिक्के शामिल हैं. इसके अलावा दो मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपितों में ब्रह्मपुर निवासी राजन शर्मा, उसका पुत्र अंकित कुमार शर्मा और राजू शर्मा, पिता स्व. बालकृष्ण शर्मा शामिल हैं. इनके अलावा ललन जी का डेरा निवासी राकेश कुमार, पिता राजेश यादव, रघुनाथपुर निवासी प्रकाश कुमार राय और आकाश कुमार राय, दोनों पिता अनंत कुमार राय, तथा देवकुली निवासी पवन कुमार पांडेय, पिता अर्जुन पांडेय शामिल हैं.विदित हो की इससे चार दिन पहले ब्रह्मपुर पुलिस ने रघुनाथपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था. उस दौरान पुलिस ने 127 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ, 1 लाख 11 हजार 270 रुपये नकद, 6 किलो 700 ग्राम सिक्के, 480 पुड़िया मादक पदार्थ, तीन मोबाइल फोन, एक यामाहा मोटरसाइकिल और शराब बरामद की थी.
पुलिस पता लगा रही है कि सिक्के कहां से आए, किसने इन्हें जमा किया और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.पहले मामले में मनोज नोनिया के भाई ऋषभ उर्फ मुन्ना नोनिया, रविस नोनिया और कथित तस्कर पिंटू नट की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई थी. इसके बाद पिंटू नट और मुन्ना नोनिया समेत तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि रविस नोनिया फरार बताया गया था. ताजा मामले में बरामद सात मोबाइल फोन और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है. दोनों मामलों के बीच संपर्क, सिक्कों के स्रोत और उनके संभावित इस्तेमाल की जांच से ही इस रहस्य का खुलासा हो सकेगा.






