गैस रिसाव से घर में लगी भीषण आग, हजारों का सामान जलकर राख
नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र के नागपुर पंचायत स्थित कजरिया गांव में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया.गांव निवासी मृत्युंजय पाण्डेय के घर में रसोई गैस रिसाव के कारण अचानक आग लग गई.इस घटना में घर में रखा हजारों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया.मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम करीब 7:30 बजे घर की महिला रसोई में खाना बनाने गई थी.
सिलेंडर से पहले से हो रहे गैस रिसाव का अंदाजा किसी को नहीं था. जैसे ही खाना बनाने के लिए माचिस जलाया गया, पूरे घर में देखते ही देखते आग की लपटें फैल गई. आग को विकराल रूप लेता देख परिवार के सभी सदस्य अपनी जान बचाकर चिल्लाते हुए घर से बाहर भागे.चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी व बालू की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए. गैस रिसाव अधिक होने के कारण आग काफी तेज थी, जिस पर लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने काबू पाया.
तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर और कई महत्वपूर्ण कागजात जलकर पूरी तरह राख हो चुके थे.स्थानीय ग्रामीण दिग्विजय पाण्डेय ने बताया कि ग्रामीणों की तत्परता और सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना जान-माल का और अधिक नुकसान हो सकता था.उन्होंने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.






