पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, सरकारी योजनाओं से अवगत हुए ग्रामीण

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के बारूपुर पंचायत के भरखरा गांव में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. जिसकी अध्यक्षता मुखिया लीलावती देवी एवं ज्ञान प्रकाश उपाध्याय ने किया. मुख्य अतिथि श्रम अधीक्षक संजय कुमार ने कहा की सरकार आपके घर तक पहुंची है. हर समस्या का समाधान किया जाएगा. मजदूरी करने वाले लोग अपना श्रम कार्ड जरूर बनाये. इस दौरान 97 आवेदन प्राप्त हुआ.जिसमें 74 मामलों का निष्पादन किया गया. इस दौरान बीएओ ऋषिकेश यादव, एलइओ सुधांशु कुमार की मौजूदगी में जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र का वितरण किया गया.सभी विभागों के कर्मियों ने भी सरकारी योजनाओं से अवगत कराया.

मटकीपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 28 मामलों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया. जबकि शेष दो आवेदन लंबित रहे. शिविर की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया ने की.वहीं तियरा पंचायत में मुखिया उषा देवी की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया. विभिन्न गांव से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया.शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे एडीएम अरुण कुमार सिंह ने कहा की गांव में अधिकतर लोग मजदूरी करते है. जो काम की तलाश में बाहर भी जाते है. वैसे लोग अपना श्रम कार्ड जरूर बनवाये.उन्हें कई प्रकार का लाभ मिलेगा.
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. यदि किसी ग्रामीण की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर नहीं हो पा रहा है, तो उसके लिए सहयोग शिविर है. जहाँ लोग खुलकर अपनी बात रख सकते हैं और उस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है.इस दौरान जन्म प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड का भी वितरण किया गया. बीपीआरओ अभिषेक पाठक ने कहा की किसी भी पंचायत का गांव या टोला पक्की नाली एवं गली से वंचित है तो इसकी जानकारी दे.इस अवसर पर बीडीओ मनोज कुमार के अलावा सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.






