Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
others

राजपुर में कुदरत का कहर, भीषण आंधी पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई जगह गिरे पेड़, बिजली आपूर्ति ठप

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र के आसपास के गाँवों में बुधवार की शाम मौसम ने अचानक भयानक करवट ली.देखते ही देखते तेज धूल भरी आंधी और मूसलाधार बारिश ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया. इस प्राकृतिक आपदा के कारण  कई हिस्सों में भारी नुकसान की खबरें आ रही हैं.

 

पिठारी और मंगरॉव में शादी की खुशियाँ फीकी, टेंट-सामियाने उड़े

​इस आपदा का सबसे ज्यादा असर पिठारी, मंगरॉव, संगरॉव, राजपुर, तियरा जैसे गाँवों में देखने को मिला. पिठारी गाँव में एक घर में बारात आने वाली थी, जिसकी सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी थीं.अचानक आई भीषण आंधी ने खुशियों के माहौल को अफरा-तफरी में बदल दिया.आंधी इतनी जोरदार थी कि भारी-भरकम टेंट और सामियाने उखड़कर कई किलोमीटर दूर तक जा गिरे.

जिससे हजारों रुपए का नुकसान हुआ है.​सैकड़ो मेहमानों के लिए बनाए गए पकवान भी धूल और मलबे की वजह से खराब हो गए.पिठारी निवासी आनंद सिंह और उप मुखिया जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रकृति के इस कहर ने भारी तबाही मचाई है. कई अन्य घरों में भी नुकसान की खबरें हैं. हालांकि, इस विपरीत परिस्थिति में भी किसी तरह शादी की रस्में पूरी की जाएंगी. दूसरी ओर, आंधी के कारण कई जगहों से निकलने वाली बारातें भी अपने निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी.

 

​रोड पर छाया अंधेरा, सड़कों पर थमी रफ्तार

​शाम करीब पांच बजे शुरू हुए इस हवा की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला. आसमान में घने काले बादलों और उड़ती धूल की वजह से दृश्यता शून्य के बराबर रह गई.सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलानी पड़ी, फिर भी रास्ता देखना मुश्किल हो रहा था.कई दोपहिया और ई-रिक्शा चालक सड़क किनारे सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए.

 

​पेड़ उखड़ने से ग्रामीण सड़कों पर परिचालन बाधित

​ विभिन्न ग्रामीण इलाकों में दर्जनों विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गए. पेड़ गिरने की वजह से कई मुख्य ग्रामीण सड़कों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. सड़कों पर पेड़ों के गिरने से राहगीर बीच रास्ते में ही फंस गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, कई जगहों पर बिजली के तार भी टूट गए हैं, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है.

 

​अंधेरे में डूबा इलाका, बिजली सेवा ठप

​तेज आंधी और बारिश शुरू होते ही सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी गई. कई घंटों से राजपुर और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है. प्रमुख सड़कों पर करीब 20 से 30 मिनट तक पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा. जो लोग बाहर थे, उन्होंने पास के पक्के मकानों, शेड या दुकानों में शरण लेकर अपनी जान बचाई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button