काल बनकर आई तेज रफ्तार कार, देवढ़िया गांव के दो व्यक्ति की हुई मौत


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी दो व्यक्ति की सीमावर्ती कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामकलपुर पुल के समीप बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति उछलकर पास की सूखी नहर में जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.जिसकी पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी जगनारायण सिंह एवं धर्मराज राम के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति बुधवार सुबह बाइक से रोहतास जिले के परसथुआ की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामकलपुर नहर पुल के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी.टक्कर इतना जोरदार था कि कार और बाइक दोनों सड़क से दूर सूखी नहर में जा गिरे. हादसे के कुछ समय बाद जब वहां से गुजर रहे राहगीरों ने शवों को देखा, तब कुढ़नी पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को कब्जे में लिया. पहचान न हो पाने के कारण करीब तीन घंटे तक असमंजस की स्थिति बनी रही.काफी मशक्कत के बाद जब शिनाख्त हुई, तो उनके परिजनों को सूचना दी गई.जैसे ही यह दुखद खबर गांव पहुंची पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.






