Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
Education

तंगहाली को मात देकर टैक्सी ड्राइवर की बेटी बनी सीए, सपना ने पहले ही प्रयास में रचा इतिहास

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- ​ “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती.” इसे सच कर दिखाया है राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा प्रखंड के अंतर्गत आने वाले एक छोटे से गांव तिवाय की बेटी सपना कुमारी ने.यह वर्ष 2026 की ऑल इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में पार्ट 1 और पार्ट 2 दोनों ग्रुपों में एक साथ ऐतिहासिक सफलता हासिल की है.​इस गौरवमयी उपलब्धि पर शाक्य, मौर्य, कुशवाहा, सैनी कर्मचारी व पदाधिकारी संघ के पदाधिकारियों ने बेटी के घर पहुंचकर उसे विशेष रूप से सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

संघर्षों से तपा है परिवार, टैक्सी ड्राइवर पिता का जज्बा रंग लाया

​सपना की यह सफलता सिर्फ एक परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि अभावों पर हौसले की जीत है. सपना के पिता मधुसूदन सिंह किसी तरह इंटरमीडिएट की परीक्षा पास कर रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली चले गए थे.वहां वे बेहद कठिन परिस्थितियों में रहकर टैक्सी चलाने का काम करते हैं.वहीं मां एक कुशल गृहिणी हैं, जबकि दादा गांव में रहकर आज भी खेती-किसानी करते हैं.​आर्थिक तंगी और मुश्किल हालातों के बावजूद पिता ने कभी हार नहीं मानी और अपने बच्चों की शिक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी. पिता के इसी जज्बे का नतीजा है कि आज उनका बेटा सचिन नई दिल्ली में IGL में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है और अब बेटी सपना ने CA बनकर पूरे देश में जिले का नाम रोशन कर दिया है.

 4 महीने खुद को रखा ‘आइसोलेट’, की 10 घंटे पढ़ाई

अपनी इस स्वर्णिम सफलता पर सपना कुमारी ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है. वे प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई किया करती थी. परीक्षा के आखिरी 4 महीनों में तो उन्होंने खुद को घर में पूरी तरह ‘आइसोलेट’ कर लिया था, ताकि ध्यान न भटके. सपना ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता और भाई के अटूट सहयोग और त्याग को दिया है.

दिग्गजों ने किया सम्मानित, गांव में जश्न का माहौल

​इस ऐतिहासिक सफलता के बाद तिवाय गांव में जश्न का माहौल है. बेटी के सम्मान में शाक्य, मौर्य, कुशवाहा, सैनी कर्मचारी व पदाधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया.​समारोह में शिक्षक ​डॉ सुरेंद्र सिंह,धर्मदेव सिंह,  (प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय खंडिता), ​विनोद कुमार सिंह (अध्यक्ष, अखिल भारतीय कुशवाहा संघ), ​शिवप्रसाद सिंह (अध्यक्ष, ज्योतिबा फुले समता परिषद)​शिक्षक अनिल कुमार सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह, रंजीत कुमार सिंह के अलावे समाज के प्रबुद्ध जनों ने सपना कुमारी और उनके माता-पिता को अंगवस्त्र और मिठाई खिलाकर बधाई दी. वक्ताओं ने कहा कि सपना ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो सीमित संसाधनों और गरीबी के बीच भी आसमान छुआ जा सकता है.सपना आज बक्सर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुकी हैं.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button