चौसा में बिजली विभाग के खिलाफ फूटा जन आक्रोश, हजारों उपभोक्ताओं ने धरना देकर सौंपा ज्ञापन


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- नगर पंचायत चौसा क्षेत्र की चरमराई बिजली व्यवस्था और विभागीय उदासीनता के खिलाफ बुधवार को स्थानीय उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. महादेव घाट चौसा में हजारों बिजली उपभोक्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर हुंकार भरी और एक विशाल जनसभा का आयोजन किया.इस आंदोलन का नेतृत्व नगर पंचायत चौसा के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने किया.धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से बिजली से जुड़ी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं.
स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों को इससे अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही.विभाग के इसी अड़ियल रवैये के कारण आज आम उपभोक्ताओं को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है.धरना प्रदर्शन की समाप्ति के बाद उपभोक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (SBPDCL), बक्सर के कार्यपालक अभियंता के नाम संबोधित एक मांग पत्र विभागीय अधिकारियों को सौंपा.ज्ञापन में मुख्य रूप से
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 11, 12, 13 एवं 14 सहित रेलवे स्टेशन चौसा, न्यायीपुर, कनक नारायणपुर, नंदपुर एवं अखौरीपुर गोला क्षेत्र को अविलंब ग्रिड लाइन कनेक्शन से जोड़ा जाए. कनक नारायणपुर वार्ड संख्या 11 की घनी आबादी के बीच से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन को जनसुरक्षा के मद्देनजर गांव की बाहरी सीमा से होकर ले जाया जाए. रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर को बदलकर वहां 200 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए.
इसके साथ ही स्टेट बैंक अखौरीपुर गोला-सासाराम मुख्य पथ के समीप स्थित ट्रांसफार्मर की भी क्षमता बढ़ाई जाए.सभा को संबोधित करते हुए आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विकास राज ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष या अधिकारी के खिलाफ नहीं, बल्कि चौसा की जनता के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के लिए है. उन्होंने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में हजारों उपभोक्ताओं के साथ मिलकर इस आंदोलन को और अधिक व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा. धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए.
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से विकास राज, वार्ड पार्षद रामबाबू, अजीत सिंह, वार्ड पार्षद छोटेलाल चौधरी, सोनू गोड, ओम प्रकाश शर्मा, प्रेम प्रकाश शर्मा, राकेश यादव, अभिषेक गुप्ता, आर्यन, लालमोहर राम, विक्की मालाकार, कल खरवार, रूपक कुशवाहा सहित क्षेत्र के सैकड़ों बिजली उपभोक्ता उपस्थित थे.






