Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
Government

बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,भगवान वामन मंदिर में की पूजा-अर्चना, जेल परिसर से मुक्ति की जगी आस

नेशनल आवाज़ /बक्सर :-  बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी बक्सर पहुंचे.अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने बक्सर केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) परिसर में स्थित ऐतिहासिक भगवान वामन मंदिर में जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की.उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और एनडीए गठबंधन के नेताओं में भारी उत्साह देखा गया.

जिला प्रशासन और नेताओं ने किया भव्य स्वागत

​मुख्यमंत्री के बक्सर पहुंचते ही जिलाधिकारी साहिला और डीडीसी निहारिका छवि ने पौधा और बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इसके अलावा, बक्सर के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम और राजपुर के विधायक संतोष कुमार निराला ने भी मुख्यमंत्री को बुके देकर उनका अभिनंदन किया.इस मौके पर भाजपा और एनडीए गठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता अपने शीर्ष नेता के स्वागत के लिए बेहद बेसब्री से इंतजार करते नजर आए.

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की पूजा-अर्चना, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

​सम्राट चौधरी ने मंदिर परिसर में लगभग 30 मिनट का समय बिताया.इस दौरान उन्होंने पुरोहितों द्वारा किए जा रहे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरी श्रद्धा के साथ भगवान वामन की पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली की कामना की.मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी. चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात था और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी. सुरक्षा के लिहाज से किसी भी व्यक्ति को गहन जांच और तलाशी के बाद ही परिसर के अंदर जाने की अनुमति दी गई.

जेल परिसर से मंदिर को मुक्त कराने की मांग, ‘वामन चेतना मंच’ में खुशी की लहर

​भगवान वामन मंदिर के दर्शन के लिए आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है क्योंकि यह केंद्रीय कारागार परिसर के भीतर स्थित है.स्थानीय लोगों और विभिन्न धार्मिक संगठनों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से लगातार यह मांग कर रहे हैं कि इस ऐतिहासिक मंदिर को कारागार परिसर से मुक्त कर आम जनता के लिए सुलभ बनाया जाए. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस दौरे के बाद अब लोगों में यह उम्मीद जगी है कि सरकार जल्द ही इस दिशा में कोई बड़ा कदम उठाएगी.

वामन चेतना मंच ने जताया आभार 

 मुख्यमंत्री के इस कदम पर  वामन चेतना मंच’ के सदस्यों ने गहरी खुशी जाहिर की है. मंच के सदस्यों ने कहा कि वर्षों की लंबी मांग के बाद आखिरकार सरकार ने उनकी सुध ली है. अब उन्हें पूरी उम्मीद है कि आने वाले कुछ ही दिनों में भगवान वामन का यह पावन धाम आम जनों के दर्शन के लिए जेल की बंदिशों से मुक्त हो जाएगा.​इस दौरान मंच के सदस्यों ने हर्षोल्लास के साथ जयकारे लगाए और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भगवान वामन की एक स्मृति फोटो भी भेंट स्वरूप प्रदान की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button