रफ़्तार का कहर: राजपुर में ट्रक ने बाइक को रौंदा, त्रिकालपुर के युवक की मौत, दो घायल मुआवजे को लेकर चक्काजाम


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर त्रिकालपुर डेरा गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी त्रिकालपुर डेरा गांव के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए.मृतक की पहचान त्रिकालपुर गांव निवासी 19 वर्षीय विकास राम पिता – लालधर राम,घायलों में अरुण राम (18 वर्ष), पिता – कमलेश राम, एवं पवन राम (20 वर्ष), पिता – पल्लू राम है. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज जारी है, हालांकि उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.जिसे बेहतर ईलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.इस घटना से गुस्साए त्रिकालपुर गांव के ग्रामीणों और परिजनों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया है.ग्रामीण पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच चुकी है.पुलिस आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास में जुटी है. समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं और प्रदर्शन जारी है.






