बक्सर के दो प्रखंडों के बीडीओ और चार सीओ बदले, राजपुर में नए सीओ व बीडीओ संभालेंगे कमान


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- सरकारी कार्य में तेजी लाने एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर व्यापक पैमाने पर फेरबदल शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में बक्सर जिले के छह प्रखंडों में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और शिक्षा विभाग द्वारा जारी अलग-अलग स्थानांतरण पत्रों के आलोक में जिले के कई अंचल अधिकारी , प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बदले गए हैं.सभी स्थानांतरित अधिकारियों को आगामी 8 जुलाई तक हर हाल में अपने नए पदस्थापित क्षेत्र में योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
राजपुर अंचल में डॉ. शोभा कुमारी की जगह नरेंद्र कुमार सिंह होंगे नए सीओ
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, राजपुर की वर्तमान अंचल अधिकारी डॉक्टर शोभा कुमारी का तबादला शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल में कर दिया गया है.अब राजपुर के नए अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह होंगे, जो पटना के बाढ़ से स्थानांतरित होकर यहाँ आ रहे हैं.इसके साथ ही, ग्रामीण विकास विभाग के पत्र के आलोक में राजपुर प्रखंड के वर्तमान बीडीओ सिद्धार्थ कुमार का भी तबादला हो गया है. उनके स्थान पर मुजफ्फरपुर के सकरा में पदस्थापित रहे मनोज कुमार राजपुर के नए प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में कमान संभालेंगे.
मुंगेर से आ रहे सुधांशु शेखर मिश्रा नवानगर के नए सीओ होंगे.मधुबनी के खुरौना से स्थानांतरित होकर आ रहे विजय प्रकाश चौसा अंचल की कमान संभालेंगे. बृजेश कुमार द्विवेदी को डुमरांव का नया अंचल अधिकारी बनाया गया है.जिला मुख्यालय में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बक्सर का भी स्थानांतरण हो गया है. उनके स्थान पर मुजफ्फरपुर से आ रहे पिंटू कुमार बक्सर के नए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी होंगे.प्रखंड विकास पदाधिकारियों के फेरबदल की सूची में डुमरांव प्रखंड भी शामिल है.भोजपुर जिले के बिहिया में पदस्थापित रहीं मोनालिसा प्रियदर्शनी अब डुमरांव की नई बीडीओ होंगी.
शिक्षा विभाग में भी तबादले, चौसा और चक्की के BEO बदले
प्रशासनिक सर्जरी का असर शिक्षा विभाग पर भी दिखा है, जहाँ दो प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों का स्थानांतरण जिले से बाहर कर दिया गया है.चौसा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ह्रषिकेश कुमार सिंह का तबादला गोपालगंज जिले के सिधवलिया में किया गया है.चक्की प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार को मधेपुरा जिले के आलमनगर में स्थानांतरित किया गया है.विदित हो कि आगामी कुछ ही महीनों में बिहार में पंचायत चुनाव होने वाले हैं. चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के मानकों के तहत यह व्यापक प्रशासनिक बदलाव किया जा रहा है.इस फेरबदल के बाद स्थानीय आम जनता को उम्मीद है कि नए पदाधिकारी जैसे ही अपना पदभार ग्रहण करेंगे, प्रखंड और अंचल स्तर पर लंबित पड़े विकास कार्यों और राजस्व मामलों को तेजी से गति मिल सकेगा.






